Official Retirement

किसी शासकीय कार्यालय में तीन अधिकारी स्तर के कर्मियों में चाय ब्रेक के समय संवाद चल रहा था-

हाँ भाई जी रिटायरमेंट कब है आपका?
गुप्ता जी ने भाई जी से सवाल दागा.

दो साल है अभी!
भाई जी का ठंडा उत्तर आया.

और सर जी आपका ?
गुप्ता जी ने अपने अधिकारी सर जी से पूछ लिया.

पाँच साल हैं अभी तो! परंतु पूछ क्यों रहे हो, रिटायरमेंट की डेट ?अधिकारी सर जी ने भी प्रतिप्रश्न कर लिया.

गुप्ता जी सर झुका गए और बोल उठे धीमे से.
बस इसलिए पूछा क्यूंकि मेरा प्रमोशन आप के बाद ही तो हो पाएगा न.

माहौल में अजीब सी ठंडक से भरी तल्ख़ी पसर गई.
यह जानकर कि माहौल ठंडा है, हंसते हुए सर जी बोले.
अच्छा आपका कब रिटायरमेंट गुप्ता जी ?

मेरा तो डेढ़ साल में रिटायरमेंट है!
जैसे ही गुप्ता जी ने ये कहा, खिलखिला के हंस दिए भाई जी और सर जी.

खिसिया गए गुप्ता जी कि अब तो मेरा प्रमोशन न होने पाएगा.

तभी सर जी बोल बैठे –
ये मत पूछो की रिटायरमेंट डेट क्या है बल्कि ये पूछो कि एक्सपायरी डेट क्या है. रेटायरमेंट डेट फ़िक्स है और पता है लेकिन हर व्यक्ति की एक एक्सपायरी डेट भी है जो फिक्स तो है परंतु पता नहीं है. इसलिए मस्त रहिए. जो आ जाए वो अपना, जो ना मिले वो सपना.

माहौल शुद्ध हुआ और आध्यात्मिक ठंडी हवा का ऊर्जावान दौर बह चला ….

Leave a comment

Blog at WordPress.com.

Up ↑